Bilaspur | राज्यों से

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट शुरू, बिलासपुर को भी मिलेगा लाभ

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 29 मार्च से एलायंस एयर अंबिकापुर–बिलासपुर–दिल्ली रूट पर एटीआर-72 विमान सेवा शुरू करेगी। जारी टाइम टेबल के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को संचालित होगी।
इससे पहले फ्लाईबिग की 19-सीटर विमान सेवा रायपुर-बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर संचालित थी, जो अनुबंध समाप्त होने के बाद बंद हो गई थी। अब लगभग 70 सीटों वाले एटीआर-72 विमान के संचालन से अधिक यात्रियों को सीधी हवाई सुविधा मिलेगी। खासकर सरगुजा अंचल के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए लंबी सड़क यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, वहीं बिलासपुर को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
जारी शेड्यूल के अनुसार एक फ्लाइट सुबह दिल्ली से रवाना होकर बिलासपुर और फिर अंबिकापुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में अंबिकापुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। दूसरी समय-सारणी में पहले दिल्ली से अंबिकापुर, फिर बिलासपुर होते हुए विमान राजधानी लौटेगा।
नई हवाई सेवा से उत्तर छत्तीसगढ़ का संपर्क राष्ट्रीय राजधानी से मजबूत होगा और कारोबार, शिक्षा, इलाज व प्रशासनिक कार्यों के लिए यात्रा सुगम बनेगी।

अब अंबिकापुर के लोगों को भी मिलेगी मिलेगा विमान सेवा का लाभ