ambikapur | राज्यों से
अंबिकापुर। शहर के गुदरी चौक स्थित निजी लक्ष्मी नारायण अस्पताल पर आयुष्मान भारत योजना में गंभीर फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। अस्पताल ने एक ही इलाज के लिए मरीज के परिजनों से 1.60 लाख रुपये नकद भी लिए और आयुष्मान योजना से 1.50 लाख रुपये से अधिक का क्लेम भी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे किया गया फर्जीवाड़ा
शिकायत के मुताबिक अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों को बताया कि उनका आयुष्मान कार्ड ब्लॉक हो गया है। इलाज के लिए नकद भुगतान करना पड़ेगा। इस झांसे में आकर परिजनों ने अस्पताल को 1 लाख 60 हजार रुपये नकद दे दिए।
बाद में पता चला कि अस्पताल ने उसी इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 1 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का क्लेम भी कर लिया। यानी एक ही मरीज से दोहरी वसूली की गई।
न बिल दिया, न रसीद
पीड़ित का आरोप है कि लाखों रुपये लेने के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने इलाज का कोई बिल या रसीद नहीं दी। मामले की शिकायत पुलिस से करने के बाद गुदरी चौक पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
अन्य मरीजों की भी हो रही जांच
पुलिस अब यह पता कर रही है कि क्या अस्पताल ने इसी तरह अन्य मरीजों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।आयुष्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना में इस तरह की ठगी से मरीजों में नाराजगी है।