balrampur | राज्यों से

बलरामपुर में शिक्षक की गला रेंतकर हत्या, हथौड़े से भी सिर पर किए कई प्रहार

स्कूल जाते समय रास्ते में घेरकर 2 चचेरे भाइयों ने मार डाला

बलरामपुर।  जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधानगर में सोमवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। स्कूल जाते समय शिक्षक का उसके ही 2 चचेरे भाइयों ने रास्ता रोक लिया और हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। इसके बाद चाकू से गला रेंतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। घटना का प्रारंभिक कारण पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है। दोनों परिवारों के मध्य जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और आरोपी 2 चचेरे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। दिनदहाड़े हुई शिक्षक की हत्या से क्षेत्र के लोग भी स्तब्ध हैं।

जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

 

त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधानगर निवासी शिक्षक जयकरन जगते 50 वर्ष सोमवार की सुबह करीब 9.30 बजे बाइक पर सवार होकर स्कूल जाने निकले थे। घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर सडक़ किनारे पहले से घात लगाए बैठे उनके 2 चचेरे भाई बृजमोहन 25 वर्ष और हरिमोहन 24 वर्ष ने रास्ता रोक लिया।

 

बाइक रोकते ही दोनों ने शिक्षक पर चाकू एवं हथौड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। चाकू से गर्दन रेंत दिए जाने व सिर पर हथौड़े के प्रहार से गंभीर शिक्षक लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

 

घटनास्थल पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

जमीन बंटवारे का था विवाद

 

जघन्य हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों चचेरे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि परिवार में जमीन का बंटवारा हो चुका था, इसके बाद भी शिक्षक उन्हें अपनी हिस्से की जमीन जोतने और सीमांकन नहीं कराने दे रहा था। उनका आरोप है कि बंटवारे के बाद भी उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। इस वजह से विवाद बढ़ता गया और उन्होंने उसे मार डाला।

 

पुलिस कर रही मामले की जांच

 

इस संबंध में त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि शिक्षक की हत्या चाकू एवं हथौड़े से हमला किए जाने के कारण हुई है। मामले में 2 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद हत्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।