Balod | राज्यों से
बालोद। जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बुआ की शादी में शामिल होकर लौट रहे परिवार की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित चौथिया (शादी कार्यक्रम) में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग अपनी स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 07 बीएम 1040 से वापस डौंडी लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के हिंदू होटल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में शारदा पाटिल (21 वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शारदा बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई हुई थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। दल्लीराजहरा पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों की याद दिलाता है। जिस परिवार में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। 21 वर्षीय होनहार इंजीनियरिंग छात्रा की असमय मौत से पूरे डौंडी क्षेत्र में शोक का माहौल है।