balod | राज्यों से

दल्लीराजहरा में दर्दनाक हदसा मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

पोस्टमार्टम से किया इनकार

बालोद। जिले के दल्लीराजहरा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद बुधवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों के परिजन और स्थानीय लोग बीएसपी अस्पताल पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार करते हुए उचित मुआवजा और बीएसपी में परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग रखी है।

दल्लीराजहरा में हुए हादसे के बाद अब माहौल तनावपूर्ण

 

तीनों मृत मजदूरों के शव फिलहाल बीएसपी अस्पताल की मर्च्युरी में रखे गए हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन लिखित रूप से मुआवजा राशि और नौकरी की घोषणा नहीं करता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं होने दिया जाएगा। प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में देर शाम तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। एडीएम, एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन देर शाम तक किसी तरह की सहमति नहीं बन सकी थी।

 

गौरतलब है कि मंगलवार को दल्लीराजहरा में बीएसपी के सीवरेज लाइन कार्य के दौरान पाइप बिछाने के समय अचानक मिट्टी का भारी मलबा धंस गया था। हादसे में एक महिला सहित तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामला दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र का है।