Surajpur | राज्यों से
सूरजपुर। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आधार से जुड़ी सेवाओं को लोगों के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (डीईजीएस) सूरजपुर द्वारा नए आधार सेवा केंद्र (एएसके) स्थापित किए जाएंगे। यह पहल ग्राम पंचायत स्तर पर आधार सेवा केंद्रों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए की जा रही है।

कार्यालय कलेक्टर एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिप्स स्टेट डाटा सेंटर, रायपुर के निर्देशानुसार ऐसे दूरस्थ ग्राम पंचायत क्लस्टरों का चयन किया गया है, जहां पूर्व से आधार सेवा केंद्र उपलब्ध नहीं है तथा एक आधार सेवा केंद्र से न्यूनतम 20 किलोमीटर की दूरी सुनिश्चित की गई है।
जिले में भैयाथान, ओड़गी, प्रतापपुर, रामानुजनगर, प्रेमनगर एवं सूरजपुर जनपद पंचायतों के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत क्लस्टरों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन 06 जनपदों में क्रमशः बुन्दिया, मोहरसोप और कछिया, डांडकरवां और धरमपुर, परशुरामपुर, महेशपुर और महगई तथा कन्दरई सहित क्लस्टर शामिल हैं।
इन चयनित ग्राम पंचायत (क्लस्टर) स्तर पर आधार सेवा केंद्र स्थापित करने के इच्छुक आवेदक 28 जुलाई 2026 तक निर्धारित दस्तावेजों के साथ कार्यालय कलेक्टर, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (डीईजीएस) कक्ष, संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर में स्वयं उपस्थित होकर आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधार सेवाएं अधिक सुलभ और सुगम बनाई जा सकें। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय सूरजपुर से संपर्क किया जा सकता है।