GPM | राज्यों से

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: कलेक्टर ने बैगा बाहुल्य ग्राम चुक्तीपानी का सघन दौरा किया

कलेक्टर ने चौपाल लगाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी शिकायतें सुनीं

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने गौरेला विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित बैगा बहुल ग्राम चुक्तीपानी का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं। इस दौरान बैगा समुदाय के लोगों ने समाज के प्रमुख सीताराम बैगा के नेतृत्व में कलेक्टर का पारंपरिक रीति-रिवाज से खुमरी, कौड़ी एवं बिरन माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर ने चुक्तीपानी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ग्रामीणों की बैठक में ग्राम पंचायत में संचालित विकास कार्यों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
     

बैगा समुदाय ने खुमरी, कौड़ी एवं बिरन माला पहनाकर किया आत्मीय स्वागत

 

कलेक्टर ने सरपंच एवं संबंधित अधिकारियों से प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आश्रमों के संचालन सहित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया तथा एक बैगा बालक को गोद में लेकर स्नेह व्यक्त किया, जिससे ग्रामीणों में आत्मीयता और विश्वास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी गौतम पड़िभार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: कलेक्टर ने बैगा बाहुल्य ग्राम चुक्तीपानी का सघन दौरा किया
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: कलेक्टर ने बैगा बाहुल्य ग्राम चुक्तीपानी का सघन दौरा किया