Balrampur | राज्यों से
बलरामपुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आमजनों को सुगम, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत जन शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने बताया कि सुशासन तिहार अंतर्गत 1 मई 2026 से जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को शासन-प्रशासन की सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

कलेक्टर कटारा ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने लंबित प्रकरणों एवं राजस्व से संबंधित लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से शीघ्र निराकरण करने को कहा। उन्होंने कहा कि पेंशन, राशन, आय, जाति, प्रमाण पत्र, सामाजिक सहायता पेंशन संबंधित प्रकरणों का गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के साथ ही शिविरों के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। ताकि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण कर आवेदक को अनिवार्य रूप से जानकारी दें।
कलेक्टर कटारा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के आयोजन के संबंध में ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करे, जिससे अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान ले सकें
शिविर के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
जन समस्या निवारण शिविरों के सफल संचालन हेतु कलेक्टर कटारा ने जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है तथा विकासखंड स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है जिनके मार्गदर्शन में जनपद पंचायत सीईओ के नेतृत्व में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।