Patna | राज्यों से

जयमाला समारोह के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, शादी के मंडप में मची अफरा-तफरी

पटना। बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह में उस समय भगदड़ मच गई, जब जयमाला के दौरान एक सिरफिरे प्रेमी ने दुल्हन को पेट में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दुल्हन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के मल्लाह टोली में विवाह कार्यक्रम चल रहा था। स्टेज पर जयमाला की रस्म जारी थी, तभी आरोपी अचानक वहां पहुंचा और सबके सामने दुल्हन पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगी, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार, देर रात स्टेज पर जयमाला की रस्म चल रही थी और सभी लोग नाच-गाने में मशगूल थे। इसी बीच दुल्हन का पूर्व प्रेमी अचानक मंच पर पहुंचा और उसने दुल्हन को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दुल्हन की पहचान आरती कुमारी, पिता नंद जी मल्लाह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से चौसा आई थी। जयमाला की रस्म के दौरान दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे और दोनों परिवारों के लोग समारोह देख रहे थे। तभी मुंह ढके एक युवक ने मंच तक पहुंचकर आरती को गोली मार दी। गोली लगते ही वह स्टेज पर गिर पड़ी और उसने कथित तौर पर कहा कि दिनबंधु ने उसे गोली मारी है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि आरोपी पहले भी शराब से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। इस घटना के तुरंत बाद बारात वापस लौट गई और पूरे गांव में मातम जैसा माहौल छा गया है।

जयमाला के दौरान मंच पर फायरिंग

जयमाला समारोह के दौरान प्रेमी ने दुल्हन को मारी गोली, शादी के मंडप में मची अफरा-तफरी
दुल्हन और कथित पूर्व प्रेमी की तस्वीर