MCB | राज्यों से
MCB। जिले की कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली. बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, पूरक परीक्षा की तैयारी, स्कूलों की व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. कलेक्टर ने साफ कहा कि बच्चों की पढ़ाई और भविष्य से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की

जाएगी।
कमजोर रिजल्ट वाले स्कूलों पर नाराजगी
बैठक में कई स्कूलों के खराब परीक्षा परिणाम सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ नौकरी करने नहीं, बल्कि बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी लेकर स्कूल जाएं. जिन स्कूलों के परिणाम लगातार खराब आ रहे हैं, वहां संबंधित प्राचार्य, शिक्षक और अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इन स्कूलों के रिजल्ट पर उठे सवाल
बैठक में हाई स्कूल बड़वाही, हाई स्कूल रौंक, हायर सेकेंडरी स्कूल देवगढ़, हाई स्कूल सेमरिहा, हायर सेकेंडरी स्कूल भरतपुर, हाई स्कूल तिलौली, हायर सेकेंडरी स्कूल कुवारपुर और हायर सेकेंडरी स्कूल कोटाडोल सहित कई स्कूलों के कमजोर परिणामों की समीक्षा की गई. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर स्कूल में विषयवार जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि किस विषय में ज्यादा विद्यार्थी फेल हुए।
कमजोर छात्रों के लिए ब्रिज कोर्स और स्पेशल क्लास
कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष “ब्रिज कोर्स” चलाने के निर्देश दिए गए. गणित, विज्ञान और संस्कृत जैसे विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने को कहा गया. कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई सिर्फ परीक्षा के समय नहीं, बल्कि पूरे साल लगातार होनी चाहिए।
पूरक विद्यार्थियों के लिए विशेष योजना
पूरक और अवसर परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए 18 मई 2026 से विशेष अध्ययन योजना लागू करने के निर्देश दिए गए. सभी पूरक छात्रों के आवेदन भरवाने, स्पेशल क्लास, नियमित टेस्ट और होमवर्क आधारित पढ़ाई सुनिश्चित करने को कहा गया. कलेक्टर ने कहा कि एक भी छात्र छूटना नहीं चाहिए।
कम उपस्थिति वाले छात्रों पर निगरानी
विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए पालक-शिक्षक बैठक नियमित कराने और अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए. साथ ही जिले के सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया।
देर से आने वालों पर सख्ती, अनुपस्थित प्राचार्यों को नोटिस
बैठक में कई प्राचार्यों के अनुपस्थित रहने या प्रतिनिधि भेजने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. ऐसे प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने कहा कि सुबह 10:15 बजे के बाद स्कूल या कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों की एक दिन की छुट्टी काटी जाएगी. ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
गर्मी की छुट्टियों में भी खुलेंगे स्कूल
पूरक विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए गर्मी की छुट्टियों में भी हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए।
15 जून से पहले पूरी हों स्कूलों की व्यवस्थाएं
स्कूल खुलने से पहले साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, रैंप, सीढ़ी और मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए. बालक और बालिका शौचालय निर्माण के अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया।
अपार आईडी और दस्तावेज जल्द पूरे करने के निर्देश
अपार आईडी, आधार लिंकिंग और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित कामों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की अपार आईडी लंबित नहीं रहनी चाहिए।
अच्छे परिणाम देने वाले स्कूलों की सराहना
बैठक में शत-प्रतिशत रिजल्ट देने वाले कई स्कूलों की प्रशंसा की गई. इनमें बरदर, चिरमिरी, रतनपुर, आमाडाड़, मेरो, दुग्गी, मुलुकनार, नई लेदरी और सेजेस केल्हारी अंग्रेजी माध्यम सहित कई स्कूल शामिल रहे. हायर सेकेंडरी परीक्षा में बिहारपुर स्कूल ने विज्ञान और वाणिज्य संकाय में 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया।
जिले के टॉपर्स बने प्रेरणा
हायर सेकेंडरी परीक्षा में चिरमिरी की छात्रा अल्का चौधरी ने 577 अंक हासिल कर जिला टॉप किया. वहीं अदिति गुप्ता और काव्य गुप्ता ने भी शानदार प्रदर्शन किया. हाई स्कूल परीक्षा में देवाडांड के छात्र मनीष कुमार साहू ने 455 अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया. अन्य मेधावी विद्यार्थियों में वंदना सिंह, अरफा अहमदी, सुमित गुप्ता, उमादेवी और शिवम पाण्डेय शामिल रहे।
कलेक्टर ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले के लिए प्रेरणा है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना प्रशासन की प्राथमिकता है।