MCB | राज्यों से

मानवता हुई शर्मसार...

एमसीबी। जिले के भरतपुर जनपद पंचायत अंतर्गत च्यूल गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सुनसान और खाली पड़े मकान में नवजात शिशु मिलने की खबर सामने आई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया और मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना पर ग्रामीणों में आक्रोश और दुख दोनों देखने को मिला।

सूने मकान में मिला नवजात

 

मिली जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात महिला ने सुनसान घर में बच्चे को जन्म दिया और जन्म के तुरंत बाद नवजात को वहीं छोड़कर फरार हो गई। देर रात करीब 12 बजे इस घटना की सूचना मिलने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि नवजात शिशु रो रहा था और ठंड में असहाय अवस्था में पड़ा हुआ था।

 

ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और कपड़े में लपेटकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बालकुमारी ने बताया

रात में हमें सूचना मिली, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे। वहां एक घर के अंदर नवजात बच्चा पड़ा हुआ था। मितानिन ने बच्चे को उठाकर कपड़े में लपेटा, वह लगातार रो रहा था। फिर हम उसे तुरंत अस्पताल लेकर आए।

 

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव रमन ने जानकारी दी

 

हमें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूचना मिली थी। बच्ची को रात 2:41 बजे अस्पताल लाया गया। यह नवजात अंडरवेट है, जिसका वजन लगभग 1.9 किलोग्राम है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर देखभाल के लिए उसे सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ रेफर किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बाल संरक्षण इकाई को भी सूचित कर दिया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही मामले की जांच में जुट गए हैं। संबंधित महिला की तलाश की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

इस अमानवीय घटना को लेकर गांव के लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषी का पता लगाया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।

जहां एक ओर यह घटना इंसानियत को शर्मसार करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता ने एक मासूम की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है।