Janjgir-Champa | राज्यों से
जांजगीर-चांपा : पुलिस हिरासत के दौरान एक आरोपी के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कड़ी कार्रवाई की है। घटना में संलिप्त सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुनील टैगोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है। वहीं, थाना प्रभारी भवानी सिंह चौहान को भी हटाकर रक्षित केंद्र भेजा गया है।
थाना बम्हनीडीह में 26 जुलाई को दर्ज अपराध क्रमांक 62/25, धारा 331(1), 296, 351(3), 115(2), 118(1) बी.एन.एस. के तहत आरोपी ठाकुर सिंह चंद्रभास को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था, इस दौरान एएसआई सुनील टैगोर ने आरोपी के साथ मारपीट की, जो कर्तव्य के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

उनकी जगह अब उप निरीक्षक केपी सिंह, जो पूर्व में रक्षित केंद्र में पदस्थ थे, को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि पुलिसकर्मियों से कर्तव्य के निर्वहन में अनुशासन सर्वोपरि है, और किसी भी प्रकार की ज्यादती या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।