jashpur | राज्यों से

पिकअप में आम के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 2 क्विंटल गांजा जब्त

जशपुर । छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध जारी 'ऑपरेशन आघात' के तहत तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. दोकड़ा चौकी पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर एक पिकअप वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसमें कच्चे आमों की आड़ में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाया गया था. इस दौरान पुलिस ने 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पुलिस ने वाहन और अन्य सामग्रियों सहित कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की जब्ती बनाई है।

ऑपरेशन आघात' के तहत तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़

 

घटनाक्रम के अनुसार, 12 मई को पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप (UP-70-RT-6633) के जरिए तस्करी की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में देवरी और खुटेरा के पास नाकेबंदी की गई, लेकिन चालक ने पुलिस को देखते ही वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और दो बार घेरा तोड़कर भागने की कोशिश की।

 

आखिर में पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए वाहन को चारों तरफ से घेर लिया. जब पुलिस ने वाहन की ट्रॉली में रखे प्लास्टिक कैरेट की तलाशी ली, तो ऊपर कच्चे आम रखे थे, लेकिन उनके नीचे टेप से लिपटे गांजे के 207 पैकेट बरामद हुए।

 

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी प्रेमनाथ सिंह (36 वर्ष), निवासी बगीचा, ने खुलासा किया कि वह यह खेप ओडिशा के सुंदरगढ़ से लेकर आ रहा था।

 

इस खेप को पहले अंबिकापुर पहुंचाना था और वहां से इसे उत्तर प्रदेश भेजने की योजना थी

 

जशपुर पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 'ऑपरेशन आघात' के जरिए जनवरी 2026 से अब तक 3.24 करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं और 27 तस्करों को जेल भेजा गया है. पुलिस अब इस तस्करी के मुख्य सरगनाओं और अंतर्राज्यीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।