Dharamjaigarh | राज्यों से

सगाई समारोह से लौट रही पिकअप वाहन खाई में गिरी, दो की दर्दनाक मौत, कई लोग घायल

घाट के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित हुआ वाहन, राहत-बचाव कार्य जारी

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग के मड़वाताल घाट पर शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और खुशियों से भरा सफर पलभर में मातम में बदल गया।

भीषण सड़क दुर्घटना

मिली जानकारी के अनुसार, कापू थाना क्षेत्र के गोसाईपोड़ी गांव से बंगरसुता में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे लोग पिकअप में सवार थे। वाहन में करीब 40 से 45 लोग बैठे थे। घाटी के खतरनाक मोड़ पर अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सड़क हादसे के बाद घायल युवक

इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

हादसे के बाद अस्पताल परिसर में जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल धरमजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। मड़वाताल घाट के संकरे और जोखिम भरे मोड़ों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। हालांकि यह हादसा साफ संकेत दे रहा है कि लापरवाही और क्षमता से अधिक सवारी जैसे कारण किस तरह जानलेवा साबित हो सकते हैं।