Bilaspur | राज्यों से
बिलासपुर। नेहरू चौक स्थित सरकारी कार्यालय में शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। सुबह से विभिन्न क्षेत्रों के लोग सड़क, बिजली, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर पहुंचे। साव ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जनदर्शन में प्रगतिशील युवा स्वर्णकार समाज ने सामुदायिक भवन में कथित अवैध निर्माण रोकने की मांग की, जबकि ग्राम पंचायत डेका के सरपंच ने लालखंड से दर्रीघाट तक डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा। मुंगेली के सेमरसाल से आए प्रतिनिधियों ने कुर्मी समाज के लिए सामुदायिक भवन की स्वीकृति मांगी।
इसके अलावा राम जानकी कल्याण सेवा समिति ने ट्रांसफॉर्मर लगाने, प्रेस कर्मचारी संघ ने शिक्षा सहायता और वार्ड 54 की पार्षद ने चिंगराजपारा स्थित पुराने तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। उपमुख्यमंत्री ने सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
