new delhi | राज्यों से

सेंसेक्स 700 अंक नीचे शेयर बाजार में आज भारी गिरावट

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार Share Market में मंगलवार को जोरदार बिकवाली देखी जा रही है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण निवेशक सतर्क हो गए हैं। सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा गिरकर 73,500 के स्तर के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 150-160 अंक की गिरावट के साथ 22,800 के नीचे आ गया।

बड़े शेयर भी आज नुकसान में रहे

सुबह 9:45 बजे सेंसेक्स 565 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,542 अंक पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी में 157 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की कमी आई और यह 22,811 अंक पर था। शुरुआती घंटों में दोनों इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा नीचे खुले थे।



किन क्षेत्रों में ज्यादा बिकवाली?

 

बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव रहा। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के शेयर करीब 2 प्रतिशत गिरे। जोमैटो की पैरेंट कंपनी इंटरनल के शेयरों में भी 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, मारुति और एसबीआई जैसे बड़े शेयर भी नुकसान में रहे।

ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप 1.5 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.9 प्रतिशत टूटे। सेक्टर के लिहाज से निफ्टी ऑटो में 2 प्रतिशत, बैंक और पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी गिरावट रही। हालांकि मेटल और मीडिया शेयरों में हल्की तेजी दिखी।



कल बाजार में रही थी तेजी

 

इससे पहले सोमवार को शेयर बाजार में अच्छी रिकवरी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 787 अंक (1.07%) चढ़कर 74,106 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 255 अंक (1.12%) की बढ़त के साथ 22,968 अंक पर पहुंचा था।



वैश्विक बाजारों का हाल

 

एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख रहा, साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.20% बढ़कर 5,462 अंक पर था। जापान का निक्केई 0.14% गिरकर 53,330 अंक पर कारोबार कर रहा था। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 3,880 अंक के आसपास फ्लैट रहा।अमेरिकी बाजार में सोमवार को सकारात्मक बंद हुआ। डॉव जोन्स 165 अंक (0.36%) चढ़कर 46,669 अंक पर बंद हुआ।
नैस्डैक 0.54% ऊपर 21,996 अंक पर। एसएंडपी 500 में 29 अंक (0.44%) की बढ़त के साथ 6,611 अंक पर बंद।



कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

 

बाजार की गिरावट की मुख्य वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। ब्रेंट क्रूड 1.55% बढ़कर 111.5 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.7% उछलकर 115.5 डॉलर पर था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए बुधवार सुबह तक की डेडलाइन दी है, जिससे तनाव बढ़ गया है और तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है।