Janjgir-Champa | राज्यों से
जांजगीर-चाम्पा। जिले के शिवरीनारायण में भारत सरकार की रैंप योजना के तहत 3 दिवसीय इको टूरिज्म प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण सीएसआईडीसी रायपुर के बैनर तले और एनआईएमएसएमई हैदराबाद द्वारा सेक्टर स्पेसिफिक ट्रेनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत सीएमओ ऑफिस, शिवरीनारायण में आयोजित हो रहा है।

प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय उद्यमी, महिला स्व-सहायता समूह, टूर गाइड और युवा नाविक हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क है और प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

ट्रेनर कृतेश हिरवानी ने बताया कि यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन की उद्योग नीति 2024-30 के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान इको टूरिज्म, होमस्टे, फार्म स्टे, नाइट कैंपिंग, ट्रैकिंग, ग्रामीण और अनुभवात्मक पर्यटन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षार्थियों का कहना है कि इस प्रशिक्षण से उन्हें पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। शिवरीनारायण में प्रतिवर्ष लगने वाले माघी पुन्नी मेले और महानदी में नौका विहार जैसी गतिविधियों के चलते यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।