Dantewada | राज्यों से
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबल के जवान लगातार अभियान चला रहे हैं। सुरक्षाबल के जवानों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नक्सलियों के द्वारा छिपाए गए हथियार और विस्फोटक मिले हैं। जानकारी के अनुसार, सरेंडर कर चुके नक्सलियों से जवानों को हथियार और विस्फोटक के बारे में इनपुट मिला था।

सर्चिंग अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि। सीक्रेट जानकारी मिलने के बाद रविवार को एक टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ की एक बटालियन जिले के बारसूर पुलिस स्टेशन के तोडमा गांव के जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को संदिग्ध स्थान के बारे में जानकारी मिली।
सुरक्षा बलों ने सघन तलाशी अभियान के दौरान रविवार सुबह इलाके की घेराबंदी की। जिसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जवानों ने इस दौरान पांच-पांच लीटर क्षमता वाले दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक 10 किलोग्राम वजनी पाइप बम को मौके पर ही नष्ट कर दिया। जवानों ने कहा कि बम को निष्क्रिय करने से एक बड़ा हादसा टल गया।
नक्सलियों के डंप किए गए हथियार भी बरामद
सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों के द्वारा छिपाए गए अन्य हथियारों को बारे में भी जानकारी मिली है। जिसे बरामद कर लिया गया है। जब्त की गई वस्तुओं में कई घातक हथियार हैं।
जवानों को मिला
जवानों को बीजीएल, एक .303 राइफल, एक एयर राइफल, मैगज़ीन, चार्जर क्लिप, खाली कारतूस के खोल, 12 बोर गोला-बारूद, खाली कारतूस, पटाखे, बैटरी सहित वायरलेस सेट, बारूद, कॉर्डेक्स तार, बिजली की घंटियाँ, शॉक-वेव डेटोनेटर, 128 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 48 गैर-इलेक्ट्रिक विस्फोटक, दो खाली खोलों सहित एक 51 मिमी बम, दूरबीन, नक्सली वर्दी, गोला-बारूद पाउच, लड़ाकू बेल्ट, एक मल्टीमीटर, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक कंट्रोल यूनिट, 35 बारह-वोल्ट बैटरी, इलेक्ट्रिक स्विच, टेलीफोन तार और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल थी।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद अभियान चला रही है टीम
छत्तीसगढ़ में सशस्त्र माओवाद के खात्मे की घोषणा मार्च 2026 में की गई थी। नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में सुरक्षाबल के जवान बड़ा अभियान चला रहे हैं। नक्सल विरोधी अभियान के तहत जवान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए विस्फोट और छिपाए गए हथियारों को बरामद कर रहे हैं। सरेंडर कर चुके नक्सलियों की सूचना पर जवान बड़े ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।