Bilaspur | राज्यों से
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित छोटी पार्किंग के पास अनाज व्यापारी की कार से आठ लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। उठाईगिरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
ध्यान हटा और बैग गायब
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि अजय अग्रवाल की व्यापार विहार की छोटी पार्किंग के पास अनाज की दुकान है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे वे अपने बेटे और कर्मचारियों के साथ दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आठ लाख रुपये से भरा बैग अपनी कार पर रख दिया और शटर में ताला लगाने लगे।
इसी बीच एक युवक वहां पहुंचा और व्यापारी व उनके बेटे का ध्यान दूसरी ओर होने का फायदा उठाते हुए कार से रुपयों से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब व्यापारी कार के पास पहुंचे तो बैग गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जल्द आरोपी की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस फुटेज के आधार पर युवक की तलाश कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।