रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2028 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर से दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच रही हैं। उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे।
अपने इस पहले छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में बैठकों का दौर शुरू करेंगी। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
दौरे की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ प्राथमिक चर्चा से होगी। इसके बाद सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, भावी कार्यक्रमों के निर्धारण और संगठनात्मक समीक्षा को लेकर कोर ग्रुप की बैठक होगी।
स्मृति ईरानी उन वरिष्ठ नेताओं से भी अलग से संवाद करेंगी जो वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं, ताकि आगामी चुनाव में उनकी भूमिका तय की जा सके। यह दौरा 2028 के चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की चुनावी रणनीति को नया दिशा-निर्देश देने वाला साबित होगा।