सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कुछ युवकों ने सड़क जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाया। 16 फरवरी की रात अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की। इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी रही। आधे घंटे तक दोनों ओर गाड़ियां खड़ी थी।
सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी युवक अंबिकापुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंट और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद लगातार इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया FIR
हाइवे पर मनाये जा रहे इस बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, सूरजपुर जिले की पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया। यहां के लटोरी थाने की पुलिस ने 7 उपद्रवी युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पता चला है ये युवक अंबिकापुर शहर के रहने वाले हैं और इनमे से कुछ अग्रवाल व्यवसायी परिवार के हैं। पुलिस जल्द ही इन सबकी गिरफ़्तारी करेगी, इसकी उम्मीद की जा रही है।