मुंबई | महाराष्ट्र के मुंबई में बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई, जिसमें दावा किया गया कि पासपोर्ट कार्यालय और उसके वॉशरूम में सायनाइड गैस से भरे 19 बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे। सूचना मिलते ही पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया।
यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी, जिसमें कहा गया था कि पासपोर्ट कार्यालय और उसके वॉशरूम में सायनाइड गैस से भरे 19 बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे विस्फोट करेंगे।
सूचना मिलते ही इसे तुरंत पुलिस और संबंधित एजेंसियों को भेजा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। खबर मिलते ही बीकेसी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, एटीएस टीम और यूनिट-8 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा टीम ने एहतियातन परिसर खाली कराया और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वहीं, धमकी भरे ईमेल की डिटेल्स खंगाली जा रही हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
बताया गया कि बुधवार को बीकेसी स्थित पासपोर्ट कार्यालय को तीन ईमेल प्राप्त हुए थे, जिनमें इसी तरह की धमकी दी गई थी। ये मेल Sourav_biswas21@hotmail.com, rpo.mumbai@mea.gov.in और rpo.mumbai@cpo.gov.in आईडी पर भेजे गए थे।
पुलिस ने संदिग्ध ईमेल आईडी की जानकारी जुटाने के लिए साइबर पुलिस स्टेशन की मदद ली है और आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही, पासपोर्ट कार्यालय के सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीकेसी पासपोर्ट ऑफिस को सायनाइड गैस बम से उड़ाने की धमकी, 1:30 बजे विस्फोट का दावा