बुधवार, 05 अग॰ 2026 हिंदी | EN
राज्यों से

बिलासपुर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर छापा, कोनी–सिरगिट्टी से 126 सिलेंडर जब्त

16 मार्च 2026 0 व्यू
बिलासपुर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर छापा, कोनी–सिरगिट्टी से 126 सिलेंडर जब्त

बिलासपुर। कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद शहर में गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और किराना स्टोर पर छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच के दौरान गैस निकालने के उपकरण भी मिले। इसके बाद संबंधित लोगों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।

जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्थिति कुछ अलग नजर आ रही है। गैस एजेंसियों में पहुंचने वाले लोगों को ऑनलाइन बुकिंग कराने के लिए कहा जा रहा है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल-फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रहा है।

इससे परेशान होकर लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। नतीजतन गैस लेने के लिए एजेंसियों में लंबी कतारें लग रही हैं। गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि तकनीकी कारणों से सर्वर डाउन होने के कारण यह समस्या आ रही है। सर्वर में दिक्कत की वजह से न तो ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही ओटीपी जनरेट हो रही है।