बुधवार, 05 अग॰ 2026 हिंदी | EN
राज्यों से

ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत

16 मार्च 2026 0 व्यू
ब्लास्ट से घर में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित लिंगियाडीह इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में रखे फ्रिज में अचानक जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद 57 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी और आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान जया अग्रवाल (57 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लिंगियाडीह में साईं मंदिर के पीछे स्थित अपने मकान में रहती थीं। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक उनके घर में रखे फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में रह रहे लोग घबरा गए और तुरंत बाहर निकल आए।

 

धमाके के बाद उठीं आग की लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद घर से तेज धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने पानी और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि किसी को अंदर जाने की हिम्मत नहीं हो पाई।

लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घर के अंदर मिला जला हुआ शव


आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो एक कमरे में महिला का जला हुआ शव मिला। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय जया अग्रवाल घर में अकेली थीं और संभवतः धमाके के बाद धुएं और आग की वजह से बाहर नहीं निकल सकीं।