रविवार, 18 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

छत्तीसगढ़ में श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा

नवा रायपुर में 150 करोड़ की नई फैक्ट्री से 3500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

18 अक्तू॰ 2026 1 व्यू
छत्तीसगढ़ में श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया।

 

इस परियोजना में 150 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश प्रस्तावित है और इससे साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेश को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का माध्यम बनाना है।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि एक रोजगार पूरे परिवार के जीवन में आर्थिक सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आता है।

 

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नई औद्योगिक नीति 2024-2030 में रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया गया है। सब्सिडी प्रावधान को 200 करोड़ से बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपए से अधिक किया गया है।

 

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 3000 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आगामी परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

 

इस अवसर पर सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, यश ग्रुप चेयरमैन रितेश नरेडी सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।