धमतरी । जिले में अब तकनीकी शिक्षा और डिजिटल स्किलिंग का नया दौर शुरू हो चुका है. युवाओं को भविष्य की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन धमतरी ने एक बड़ी पहल की है जिला प्रशासन ने “AI Upskilling Course Entrance Exam 2026” का सफल आयोजन किया कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने जिले के युवाओं में Artificial Intelligence (AI) और डिजिटल टेक्नोलॉजी के प्रति बढ़ती रुचि को नई पहचान दी है।
बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा
पी.जी. कॉलेज धमतरी स्थित IT भवन में आयोजित परीक्षा में जिले के महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. परीक्षा में 107 विद्यार्थियों ने ऑफलाइन और 59 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता यह साबित करती है कि अब धमतरी के छात्र भी तेजी से बदलती डिजिटल दुनिया के साथ कदम मिलाने के लिए तैयार हैं।
AI का मिलेगा व्यवहारिक प्रशिक्षण
इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्था Learnijoy Bangalore द्वारा संचालित विशेष AI Skill Training Program से जोड़ा जाएगा. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को AI Video Generation, Website Development, AI Agents Making, Automation Tools, Prompt Engineering, Digital Productivity और आधुनिक तकनीकी समाधान विकसित करने जैसी अत्याधुनिक स्किल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप, फ्रीलांसिंग, डिजिटल उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है. प्रशिक्षण को पूरी तरह Industry-Oriented बनाया गया है, ताकि विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध डिजिटल अवसरों का लाभ उठा सकें।
आने वाला समय AI और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है. यदि युवाओं को समय रहते आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण मिले, तो वे सिर्फ नौकरी पाने वाले नहीं बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के जरिए रोजगार देने वाले भी बन सकते हैं. जिला प्रशासन का लक्ष्य युवाओं को वैश्विक स्तर की स्किलिंग उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
भविष्य में भी जिले में नवाचार आधारित प्रशिक्षण, स्टार्टअप प्रमोशन, डिजिटल उद्यमिता और टेक्नोलॉजी आधारित रोजगार कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे. आपको बता दें कि इससे पहले आयोजित Yuva Fest में भी AI Workshop का आयोजन किया गया था, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर मिला था. इसी सफलता से प्रेरित होकर इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने AI Upskilling Course Entrance Exam में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खास उत्साह देखने को मिला. प्रतिभागियों ने इसे अपने करियर के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि AI और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण भविष्य में उन्हें बेहतर रोजगार, स्टार्टअप और वैश्विक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने के नए रास्ते खोलकर देगा. जिला प्रशासन धमतरी की यह पहल अब जिले को तकनीकी नवाचार और डिजिटल स्किलिंग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. यह प्रयास “स्किल डेवलपमेंट”, “डिजिटल इंडिया” और आत्मनिर्भर युवा निर्माण की सोच को मजबूती देने वाला साबित होगा।