मुंगेली। ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिवार को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, मुंगेली से जारी चेक परिजनों को सौंपते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश इहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था।
राज्य शासन की विशेष पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत जवान के आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 1 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना ड्यूटी के दौरान शहीद या आकस्मिक निधन की स्थिति में परिवार को तत्काल आर्थिक संबल देने के लिए बनाई गई है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बड़ा बाजार, मुंगेली के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सहायता राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दिवंगत आरक्षक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित कर्मचारी थे। उनका निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। जिला पुलिस परिवार हमेशा उनके आश्रितों के साथ खड़ा रहेगा।
आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी ने शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया है।
[12:57, 20/02/2026] +91 70003 26120: