बुधवार, 05 अग॰ 2026 हिंदी | EN
राज्यों से

एमसीबी जिले के कुवांरपुर में आशियाने पर बुलडोजर की कार्रवाई, ग्रामीणों में हड़कंप

03 अप्रैल 2026 0 व्यू
एमसीबी जिले के कुवांरपुर में आशियाने पर बुलडोजर की कार्रवाई, ग्रामीणों में हड़कंप

एमसीबी जिले के कुवांरपुर परिक्षेत्र में आशियाने पर बुलडोजर चलने से हड़कंप मच गया है। वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए कई वर्षों से बसे ग्रामीणों के घरों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भीषण गर्मी के बीच कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। वही पूर्व विधायक ने कहा कि अगर इस तरह गरीबो का आशियाना पर बुलडोजर चलेगा तो मैं जल्द ही धरना प्रदर्शन करूंगा ।

 

बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम सुबह से ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। अधिकारियों की मौजूदगी में एक  कच्चे मकानों पर बुलडोजर चलाया गया । जिनकी  चाय की दुकान थी लाख मिन्नतों के बाद भी प्रशासन का बुलडोजर नही रुका । ग्रामीणों ने इस दौरान विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उनकी एक नहीं चली। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से बने आशियाने मलबे में तब्दील हो गए और परिवारों के सामने रहने-खाने का संकट खड़ा हो गया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से इस जमीन पर रह रहे थे और उन्हें पहले किसी तरह की स्पष्ट चेतावनी या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से उनके सामने जीवन यापन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय बनी हुई है, जो तेज धूप और गर्मी में खुले में रहने को मजबूर हैं।

 

वहीं, वन विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई है। विभाग के अनुसार लंबे समय से इसको लेकर नोटिस दिए जा रहे थे और नियमानुसार ही यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों का यह भी कहना है कि वन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

इस पूरे मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है। क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए वन विभाग पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिन गरीब परिवारों ने वर्षों से यहां अपना घर बनाया था, उन्हें इस भीषण गर्मी में बेघर करना पूरी तरह अमानवीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए सीधे बुलडोजर चलाकर गरीबों के साथ अन्याय कर रहा है।

 

गुलाब कमरो ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस कार्रवाई पर जल्द रोक नहीं लगाई गई और प्रभावित परिवारों के लिए उचित पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप कर गरीबों को राहत दी जाए।

 

फिलहाल, कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रभावित परिवार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।