बुधवार, 05 अग॰ 2026 हिंदी | EN
राज्यों से

कवर्धा में 77 लाख का एक और धान घोटाला उजागर

21 जून 2026 0 व्यू
कवर्धा में 77 लाख का एक और धान घोटाला उजागर

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत धान उपार्जन केन्द्र बम्हनी (समनापुर) में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में बड़ी अनियमितता सामने आई है। खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण में 77 लाख 26 हजार 5 रुपये की आर्थिक अनियमितता उजागर होने के बाद खरीदी प्रभारी, समिति प्रबंधक एवं तत्कालीन कम्प्यूटर ऑपरेटर के विरुद्ध रेंगाखार (जंगल) थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

शिकायत के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन केन्द्र बम्हनी (समनापुर) में 15 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच कुल 55,220.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। संयुक्त जांच दल द्वारा 12 जून 2026 को किए गए भौतिक सत्यापन में ऑनलाइन स्टॉक और वास्तविक भंडारण में 2386.52 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कीमत 73,98,212 रुपये आंकी गई। इसके अलावा 8554 नग उपयोग विहीन बारदानों की भी कमी मिली, जिसकी कीमत 3,27,793 रुपये है। इस प्रकार कुल 77,26,005 रुपये की आर्थिक क्षति होना पाया गया।

 

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि खरीदी पंजी की क्लोजिंग रिपोर्ट पर समिति प्रबंधक एवं संबंधित नोडल अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर (खाद्य शाखा) एवं उप आयुक्त सहकारिता के निर्देशानुसार धान उपार्जन केन्द्र के तत्कालीन खरीदी प्रभारी मतुलाल झारिया, समिति प्रबंधक अनिल कुमार चन्द्राकर तथा तत्कालीन कम्प्यूटर ऑपरेटर छन्नू राम साहू के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

 

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव की रेंगाखार कला शाखा के शाखा प्रबंधक अमित चंदेल की शिकायत पर थाना रेंगाखार (जंगल) पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

 

प्रशासन का कहना है कि जांच में दोषी पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शासन को हुई आर्थिक क्षति की वसूली के साथ-साथ नियमानुसार अभियोजन की कार्रवाई भी की जाएगी।