Friday, 25 Sep 2026 हिंदी | EN
REGIONS

मामूली विवाद पर आर्मी के रिटायर्ड हवलदार ने युवक को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

25 Mar 2026 24 views
मामूली विवाद पर आर्मी के रिटायर्ड हवलदार ने युवक को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में आज गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आर्मी के रिटायर्ड हवलदार ने भाई से गाली– गलौज करने की बात पर एक युवक को अपने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी जब्त कर लिया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

घटना आज सुबह दस बजे की है। पामगढ़ के विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ पामगढ़ के ही हिमांशु किराना स्टोर के पास आकर गाली–गलौज कर रहा था । जिसे हिमांशु किराना दुकान के संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा गाली– गलौज करने से मना किया गया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद होता देख दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास का भाई गुलशन श्रीवास अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया और पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर पर लगी। घायल को उसके साथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।

वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। और आरोपी गुलशन श्रीवास को हिरासत में ले लिया गया। पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी के अनुसार आरोपी गुलशन श्रीवास आर्मी से रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से घटना को अंजाम दिया है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। रिटायर्ड फौजी के साथ ही उसके भाई हिमांशु श्रीवास को भी उसका सहयोग करने पर हिरासत में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाएगा।