गुरुवार, 06 अग॰ 2026 हिंदी | EN
राज्यों से

मंडप में जिस युवक से तोड़ी शादी, 16 दिन बाद उसी से मंदिर में लिया सात फेरे, चौंक गए लोग...

10 जुल॰ 2026 0 व्यू
 मंडप में जिस युवक से तोड़ी शादी, 16 दिन बाद उसी से मंदिर में लिया सात फेरे, चौंक गए लोग...

जांजगीर-चांपा। जिले में 23 जून को मंडप में टूटी शादी अब मंदिर में सात फेरों के साथ फिर जुड़ गई है। दुल्हन मुस्कान ने दूल्हे के नशे में होने की आशंका पर शादी से इनकार कर दिया था, लेकिन 16 दिन बाद उसी युवक संत कुमार के साथ खोखरा गांव के मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। दोनों ने कहा कि शादी वाले दिन जो हुआ वह साजिश थी।

23 जून को मंडप में टूटी थी शादी

चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में 23 जून को हुई यह शादी प्रदेशभर में चर्चा में आई थी। आरोप था कि दूल्हा संत कुमार नशे में है। इस पर मुस्कान ने मंडप में ही शादी से इनकार कर दिया था। 

इस साहस के लिए SP विजय पांडेय ने मुस्कान की सराहना की थी और उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

16 दिन बाद मंदिर में हुई शादी

गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र गई थीं लेकिन घर नहीं लौटीं। मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने शिकायत की। साइबर और पुलिस टीम की जांच में पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर हैं।

CSP योगिता खपड़े टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने और शादी करने की बात कही। इसके बाद दोनों ने परिवार की मौजूदगी में मनका दाई मंदिर में सात फेरे लिए।

गलतफहमी दूर, साथ रहने का फैसला

दोनों ने बताया कि शादी टूटने के बाद भी वे संपर्क में रहे। संत कुमार ने माफी मांगी और शराब न पीने का वादा किया। संत कुमार का दावा है कि शादी वाले दिन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिससे उनकी हालत खराब हुई। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार मुस्कान ने अपनी इच्छा से विवाह किया है। मंडप में टूटा रिश्ता अब मंदिर में फिर से जुड़ने के बाद यह मामला एक बार फिर पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।