रविवार, 18 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
खान-पान

नवरात्रि व्रत स्पेशल: घर पर बनाएं बाजार जैसा कुरकुरा साबूदाना-आलू लच्छा मिक्सचर

18 अक्तू॰ 2026 2 व्यू
नवरात्रि व्रत स्पेशल: घर पर बनाएं बाजार जैसा कुरकुरा साबूदाना-आलू लच्छा मिक्सचर

नवरात्रि में रोज-रोज उबले आलू और साबूदाना खिचड़ी खाकर मन भर गया है? तो इस बार व्रत में कुछ चटपटा और नमकीन ट्राई करें। साबूदाना-आलू लच्छा मिक्सचर एक ऐसा व्रत स्नैक है जो चाय के साथ बहुत टेस्टी लगता है और इसे आप एक बार बनाकर पूरे 9 दिन खा सकते हैं।

 

बाजार में मिलने वाले पैकेट में अक्सर सादा नमक मिला होता है, इसलिए घर पर सेंधा नमक से बना ये मिक्सचर शुद्ध और हेल्दी भी है।

 

सामग्री:

 

1. साबूदाना - 1 कप (बारीक वाला)

2. आलू - 3 मीडियम साइज के

3. मूंगफली के दाने - 1/2 कप

4. मखाने - 1 कप (ऑप्शनल, पर ज्यादा क्रिस्पी लगेगा)

5. काजू - 10-12 टुकड़े

6. किशमिश - 1 चम्मच

7. सेंधा नमक - 1 चम्मच या स्वादानुसार

8. काली मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच

9. पिसी हुई चीनी - 1 छोटा चम्मच (टेस्ट बैलेंस के लिए)

10. हरी मिर्च - 2-3 बारीक कटी

11. कड़ी पत्ता - 15-20 पत्ते

12. तेल - तलने के लिए

 

बनाने की विधि:

 

स्टेप 1 - साबूदाने को फुलाएं:

साबूदाने को धोएं नहीं, सीधा सूखा ही रखें। कढ़ाई में तेल तेज गरम करें। आंच मीडियम करें और थोड़ा-थोड़ा साबूदाना डालकर तलें। 20-30 सेकंड में वो फूल कर सफेद मोती जैसे बन जाएंगे। तुरंत निकाल लें, नहीं तो सख्त हो जाएंगे।

 

स्टेप 2 - आलू लच्छा कुरकुरा करें:

आलू छीलकर मोटे वाले लच्छा ग्रेटर से कस लें। इसे 3-4 बार ठंडे पानी में धोएं ताकि सारा स्टार्च निकल जाए। तभी लच्छा कुरकुरा बनेगा। अब एक सूती कपड़े पर 15 मिनट फैला कर सुखा लें, पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए। गरम तेल में थोड़ा-थोड़ा डालकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।

 

स्टेप 3 - बाकी चीजें तलें:

उसी तेल में मूंगफली को धीमी आंच पर तलें, फिर मखाने को कुरकुरा होने तक, फिर काजू-किशमिश, फिर कड़ी पत्ता और हरी मिर्च। सबको अलग-अलग टिशू पेपर पर निकालें।

 

स्टेप 4 - फाइनल मिक्सिंग:

एक बड़ी परात में तला साबूदाना, आलू लच्छा, मूंगफली, मखाने, काजू सब डालें। ऊपर से सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर और हल्की सी पिसी चीनी छिड़कें। हल्के हाथों से मिलाएं, जोर से मसलें नहीं।

 

इस मिक्सचर को आप शाम की चाय या फलाहार के साथ दही में डालकर भी खा सकते हैं।