रायपुर। उरला क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर गुरुवार शाम करीब 7 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने के दौरान सिगरेट को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने पेट्रोल नोजल में आग लगा दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, इमरान अपने दोस्त धर्मेंद्र क्षत्रि के साथ पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान धर्मेंद्र ने सिगरेट जला ली, जिस पर इमरान ने उसे मना किया। कहासुनी बढ़ने पर धर्मेंद्र ने गुस्से में लाइटर से बाइक की टंकी में लगे पेट्रोल नोजल को आग के हवाले कर दिया। आग तेजी से भड़कते हुए बाइक और रिफिल मशीन तक पहुंच गई।
हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता से तुरंत मशीन की सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पंप प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के गंभीर खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।