रायपुर। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल सोमवार को कोरबा में कोरोना वॉरियर्स सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान किया। समारोह में उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की रोकथाम और इलाज में स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। कोरोना काल में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों ने दिन-रात काम किया है। उन्होंने कहा कि कोरबा में कोरोना फैलने की प्रारंभिक स्थिति में भी स्वास्थ्य कर्मियों ने जोखिम उठाकर लोगों को बीमारी से बचाने में अद्वितीय योगदान दिया। हम सभी स्वास्थ्य कर्मियों का हृदय से सम्मान करते हैं। राजस्व मंत्री ने कोरोना काल में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और समृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान नगर पालिक निगम कोरबा के महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्याम सुंदर सोना सहित प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
राजस्व मंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों का किया सम्मान, कहा-कोरोना काल में सभी ने दिया महत्वपूर्ण योगदान