रायगढ़। जन सेवा के प्रति आभार, विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा।
छत्तीसगढ़ शासन जनसंपर्क विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अभियान के सुचारू संचालन के निर्देश दिए हैं। अभियान में हर परिवार की सहभागिता से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के समन्वय और मॉनिटरिंग के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे को नोडल और जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगरीय निकाय क्षेत्रों में कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी आयुक्त, नगर पालिक निगम रायगढ़ को दी गई है, वहीं नगर पालिका क्षेत्रों में संबंधित सीएमओ को संचालन सुनिश्चित करने कहा गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों से समन्वय और जनसंपर्क विभाग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।