रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि प्रदेश में ‘भाजपा का शराब सिंडिकेट’ चल रहा है और शराब के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है।
बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार के दौरान सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। उनके मुताबिक इस पूरे मामले का खुलासा राजनांदगांव से शुरू हुआ है, जहां लंबे समय तक प्रभारी मंत्री के रूप में उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि शराब दुकानों में सस्ती बियर के कैन पर महंगी बियर का स्टीकर लगाकर उसे बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैन पर किसी दूसरी कंपनी का स्टीकर लगाया गया है, जबकि अंदर मौजूद माल किसी और कंपनी का है।
बघेल ने इसे कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का खेल बताते हुए कहा कि ब्रांड बदलकर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किया जा रहा है।
उन्होंने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री की चुप्पी कई तरह के सवाल खड़े कर रही है।
अपने पोस्ट में बघेल ने लिखा, “अफीम, शराब और अन्य मामलों पर सरकार की चुप्पी बहुत कुछ बयान कर रही है और जनता सब समझ रही है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि इस कथित गिरोह का असली सरगना कौन है और सरकार आखिर कब तक इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे रहेगी।
इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर शराब नीति और कथित घोटाले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल इस मामले में राज्य सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।