Kurud | राष्ट्रीय
दीपक साहू धमतरी/कुरूद। वर्षों से बड़ी रेल लाइन और ट्रेन सेवा का इंतजार कर रहे धमतरी अंचल के लोगों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर से धमतरी के बीच ट्रेन संचालन की दिशा में रेलवे ने एक और अहम कदम बढ़ा दिया है। बुधवार को कुरूद से अभनपुर के बीच नवनिर्मित रेलवे ट्रैक पर हाई स्पीड ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल किया गया।

रेल मंडल रायपुर के मंडल अभियंता के नेतृत्व में टेक्निकल टीम की मौजूदगी में हुए इस ट्रायल में ट्रेन ने अपनी रफ्तार से सभी को चौंका दिया। 110 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ी ट्रेन ने कुरूद से अभनपुर तक करीब 24 किलोमीटर की दूरी महज 12 मिनट में तय कर ली।

इससे पहले ट्रेन रायपुर से फूटप्लेट निरीक्षण करते हुए धीमी रफ्तार में कुरूद रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां आवश्यक जांच और पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 1 बजकर 3 मिनट पर स्पीड ट्रायल की शुरुआत की गई।

ट्रायल के दौरान रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक की मजबूती, हाई स्पीड क्षमता, पिक पॉइंट और जर्क जैसी तकनीकी खामियों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण में किसी तरह की तकनीकी समस्या सामने नहीं आई और ट्रायल पूरी तरह सफल रहा। मंडल अभियंता ने बताया कि ट्रायल रिपोर्ट डीआरएम को सौंपी जाएगी। इसके बाद ट्रेन संचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी साल रायपुर से अभनपुर, कुरूद होते हुए धमतरी तक ट्रेन सेवा शुरू हो सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी माह में भी ट्रायल किया गया था। अब दूसरे सफल ट्रायल के बाद धमतरी अंचल के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। बड़ी रेल लाइन पर सफर का इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है।