rajnandgaon | राज्यों से

हर घर जल का सपना साकार बदली ग्रामीण जीवन की तस्वीर

राजनांदगांव। कभी पेयजल संकट से जूझने वाला राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड का ग्राम बीजाभाठा आज जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से बदलाव की मिसाल बन गया है। गर्मी के दिनों में हैंडपंप और कुएं सूख जाने से ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब हर घर नल से स्वच्छ और शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति होने लगी है। 

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी तथा स्वच्छता स्तर में भी सुधार हुआ

 

जल जीवन मिशन के तहत ग्राम में सुनियोजित ढंग से पाइपलाइन बिछाने, ओवरहेड टैंक का निर्माण तथा प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। इस कार्य में ग्राम पंचायत, जल एवं स्वच्छता समिति, तकनीकी दल तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता परीक्षण और समय-समय पर समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित की गई।

इस योजना से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। 

 

महिलाओं को अब पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती, जिससे उनके समय की बचत हो रही है और वे इसे अन्य उपयोगी कार्यों में लगा रही हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जलजनित बीमारियों में कमी आई है तथा स्वच्छता स्तर में भी सुधार हुआ है। साथ ही, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं जल के समुचित उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।