BIJAPUR | राज्यों से
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जंगल क्षेत्र में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 5 माओवादी मारे गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल कर्रेगुट्टा क्षेत्र में गश्त और एरिया डोमिनेशन पर थे, तभी नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के बाद 5 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है और मौके से मिले हथियार व गोला-बारूद का विस्तृत ब्योरा आना बाकी है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
बीते चार दिनों से चल रहे विशेष अभियान में सुरक्षाबलों ने नक्सली नेटवर्क को भारी क्षति पहुंचाई है। अब तक 214 ठिकाने और बंकर ध्वस्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा 450 आईईडी बरामद किए गए हैं। साथ ही 818 बीजीएल शेल, 899 कोडेक्स बंडल और बड़ी संख्या में डेटोनेटर जब्त किए गए हैं।