Baloda Bazar | राज्यों से

तंत्र-मंत्र’ का झांसा देकर 5 लाख की ठगी! बाप-बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के बहाने लोगों से पैसे बढ़ाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग ग्रामीणों से कुल पांच लाख रुपये ठग लिए और जब रकम लौटाने की मांग की गई, तो जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस थाना,पलारी

पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बलौदी निवासी 57 वर्षीय नोहर यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें बताया गया कि वर्ष 2022 में आरोपी उनके घर आए और जादू-मंत्र के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का दावा किया। लालच में आकर उन्होंने 18 अक्टूबर 2022 को आरोपियों को तीन लाख रुपये नकद दे दिए। लेकिन समय बीत जाने के बावजूद न तो रकम वापस हुई और न ही कोई लाभ मिला। पैसे की मांग करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

दूसरे ग्रामीण से भी ठगे दो लाख रुपये

इसी तरह, ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर 2022 को आरोपियों ने उनसे दो लाख रुपये नकद ठगे। आरोपियों ने उन्हें भी भरोसा दिलाया था कि तंत्र-मंत्र के जरिए यह रकम कई गुना बढ़ा दी जाएगी। जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भी अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार 

उप पुलिस अधीक्षक अपूर्वा सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में पलारी थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच की। जांच में ग्राम धौराभाठा, रायपुर के आरोपी दीनदयाल जांगड़े और पुरुषोत्तम जांगड़े को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने कुल पांच लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद जब्त किए।
मामला बताता है कि अंधविश्वास और लालच ठगों का सबसे बड़ा हथियार हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी चमत्कार या पैसे दोगुना करने के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें।