रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है। राज्य परिवहन विभाग अपने आधिकारिक मोबाइल ऐप 'बस संगवारी' को नए अवतार में अपग्रेड करने जा रहा है। इस डिजिटल पहल के तहत प्रदेश की करीब 3,700 से ज्यादा बसों को सीधे ऐप से जोड़ा जाएगा।
इसके बाद यात्री अपने स्मार्टफोन पर ही बसों की रियल-टाइम लोकेशन देख सकेंगे और बस स्टॉप पर बेवजह के इंतजार से बच सकेंगे।
इस अपग्रेड के बाद यात्रियों को अपनी बस की लाइव लोकेशन, बस स्टॉप तक पहुंचने का अनुमानित समय (ETA) और गंतव्य तक पहुंचने का समय मोबाइल स्क्रीन पर ही मिल जाएगा।
इसके साथ ही, बस में कितनी सीटें खाली हैं, इसकी जानकारी भी रियल-टाइम में मिलेगी, जिससे यात्री बस स्टैंड पहुंचने से पहले ही अपनी सीट बुक कर सकेंगे।
ऐप में सुरक्षा और पारदर्शिता का ध्यान रखते हुए बस का फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस, पीयूसी (PUC) और रूट परमिट की वैधता जांचने की सुविधा भी दी जा रही है।
परिवहन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त डी. रविशंकर के अनुसार, 'बस संगवारी' ऐप का उद्देश्य यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर लाइव ट्रैकिंग और सुरक्षा तक की तमाम सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।
बसों की सटीक लोकेशन ट्रैकिंग के लिए बस ऑपरेटरों को ऑन-बोर्ड जीपीएस (GPS) डिवाइस दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें विभाग के सेंट्रल सर्वर से जोड़ा जाएगा। आने वाले समय में इस ऐप पर आरटीओ (RTO) से जुड़ी नागरिक सेवाएं भी एकीकृत की जाएंगी, जिससे यह परिवहन सेवाओं का सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म बन जाएगा।