बुधवार, 14 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

नवा रायपुर में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला सरकारी होम्योपैथी कॉलेज

NCH ने दी मंजूरी

14 अक्तू॰ 2026 0 व्यू
नवा रायपुर में खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला सरकारी होम्योपैथी कॉलेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH), नई दिल्ली के तहत मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने नवा रायपुर (अटल नगर) में राज्य के पहले शासकीय होम्योपैथी कॉलेज को हरी झंडी दे दी है।

 

राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग अधिनियम, 2020 की धारा 29 के तहत इस नए 'यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी' की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है।

 

इस नए महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। यहाँ बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BHMS) पाठ्यक्रम के लिए कुल 63 सीटें स्वीकृत की गई हैं।

 

इन सीटों पर दाखिला नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) के अंकों के आधार पर होगा।

 

कुल सीटों में से 15 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया कोटा के तहत भरी जाएँगी, जबकि शेष 85 प्रतिशत सीटों पर राज्य की काउंसलिंग अथॉरिटी के माध्यम से प्रवेश दिए जाएँगे।

 

इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के छात्रों के लिए भी इसमें विशेष प्रावधान रखा गया है।

 

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह मंजूरी प्रदेश में AYUSH चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

 

इससे न केवल होम्योपैथी के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे, बल्कि राज्य में योग्य होम्योपैथिक डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी।